म्योरपुर। थाना क्षेत्र के आरंगपानी में स्थित सिंचाई विभाग की बंधी की जमीन को जोतने से पुलिस ने ग्रामीणों को मंगलवार को रोक दिया। ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने अवैध तरीके से जोते जा रहे बंधी के हिस्से को लेकर अतिक्रमणकारियों को फटकार लगाई। उन्हें वहां से खदेड़ दिया। आरंगपानी गांव में स्थित सिंचाई विभाग की बंधी पर अतिक्रमण की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया। ग्रामीणों की मानें तो अंग्रेजों के समय से बनी बंधी सिंचाई का मुख्य साधन है। आसपास के कई गांव में इस बंधी से नहर के माध्यम से सिंचाई कार्य होता है। आरंगपानी, बरवाटोला, लीलासी, झरइलटोला आदि गांव में सिंचाई का मुख्य साधन बनी इस बंधी पर अतिक्रमण की शिकायत पर पहुंची डायल सौ ने अतिक्रमणकारियों को खदेड़ दिया। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत डायल सौ नंबर के माध्यम से पुलिस से की थी। इस बंधी के एक बड़े हिस्से पर हो रहे कब्जे को लेकर ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई की। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची डायल सौ नंबर पुलिस ने अतिक्रमणकारियों को फटकार लगाते हुए वहां से खदेड़ दिया। इस दौरान विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।