धामपुर। जिले में चोटी कटने की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को तीन गांव में दो युवतियों और एक महिला की चोटी कट गई। घटना से महिलाओं में खौफ है।
पुराना धामपुर निवासी महक पुत्री जाहिदा रविवार की दोपहर को अपने घर पर सो रही थी। उसकी मां नाजमा भी बेटी की बगल में बैठी हुई किताब पढ़ रही थी। इस दौरान नाजमा को बेटी के बाल नीचे गिरे दिखाई दिए। जब महक ने उठकर देखा तो उसकी चोटी नीचे गिर गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के संबंध में परिजनों व युवती से पूछताछ की। वहीं, पाडली मांडू गांव में पुष्पा की दूसरी बार चोटी काट दी गई। पीड़िता ने बताया कि तीन अगस्त को सोते हुए किसी ने उसकी आधी चोटी काट ली थी, लेकिन शनिवार की रात भी उसके घर में कोई आया और बची आधी चोटी काट ले गया। महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, अफजलगढ़ कोतवाली के गांव मेघपुर में 18 वर्षीय शबनम पुत्री अज्जू की उस समय चोटी कट गई, जब वह गोबर डालने के लिए कूड़ी पर गई थी। उसने घर आकर देखा तो नीचे से आधी चोटी कटी है। युवती की मां नाजमा ने पुलिस को तहरीर देकर घटना में कार्रवाई की मांग की है। इस घटना से महिलाएं खेतों पर जाने से घबराने लगी है। उधर, धामपुर सीओ सुशील कुमार का कहना है कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है। महक की चोटी को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए आगरा भेजा जा रहा है। सीओ ने क्षेत्रवासियों से बढ़ती अंधविश्वास की घटनाओं पर अपने स्तर से रोकने का प्रयास करने का आह्वान किया है।