हल्दौर/कोतवाली देहात/चांदपुर/नूरपुर। हल्दौर के गांव सिसौना में महिला व इनामपुरा में एक किशोरी, कोतवाली देहात के गांव झलरी में भी एक युवती, चांदपुर के ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र में चार महिलाओं व नूरपुर क्षेत्र के गांव लोदीपुर मिलक में एक महिला की चोटी कट गई। घटना के बाद पीड़ित सदमे है व चोटी कटने की बढ़ती घटनाओं से महिलाओं में खौफ व्याप्त है। महिलाओं ने तो इसको रोकने के लिए घरों पर हल्दी के पंजे लगाने शुरू कर दिए है।
हल्दौर के गांव सिसौना निवासी सारिक की पत्नी नरगिस बुधवार की समय अपने घर के आंगन में साफ-सफाई कर रही थी, परिवार वाले घर के अंदर ही मौजूद थे, तभी नरगिस को झटका लगा और उसकी चोटी गई। चोटी कटी देख नरगिश बेहोश हो गई। परिजनों ने उसको उपचार के लिए अस्पताल मेें भर्ती कराया। वहीं गांव इनामपुरा निवासी मोहम्मद जाकिर की तेरह वर्षीय पुत्री मुस्कान बुधवार की शाम घर के बरामदे में कपड़ों पर प्रेस कर रही थी। उसके परिजनों के अनुसार मुस्कान कमरे के अंदर प्रेस करने के लिए अन्य कपड़े लेने गई। किशोरी को अचानक तेज झटका लगा और वह जमीन पर गिर गई। परिजनों किशोरी के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसके पास पहुंचे तो उसकी चोटी कटी हुई थी।
वहीं कोतवाली क्षेत्र के गांव झलरी निवासी चंद्रपाल सिंह की पुत्री संगीता 21 वर्ष शाम को गांव के पास स्थित कुड़ी पर कूड़ा डालने गई थी तो वहां अचानक उसकी चोटी कट गई। वहां मौजूद ग्रामवासियों ने उसके घर पर सूचना दी। परिजनों ने युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
वहीं चांदपुर के गांव चौंधेरी में पूनम पत्नी नरेंद्र की बुधवार की सुबह करीब चार बजे सोते वक्त चोटी कट गई। उसे बेहोशी की हालत में उसे सीएचसी स्याऊ में भर्ती कराया गया है। गांव खेड़की निवासी महिला शमीमा पत्नी अरशद दोपहर को घर में खाना बना रही थी।, तभी अचानक उसकी चोटी कट गई। कटी चोटी देख वह बेहोश हो गई। परिजनों ने उसको उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। वहीं नगर के मुहल्ला पतियापाड़ा निवासी जनवंती की मंगलवार की शाम चोटी कट गई। चोटी कटने से महिला बेहोश हो गई। मुहल्ला ढंमलपुरी निवासी सुमरकली मंगलवार की शाम गांव में निजी चिकित्सक के यहां से दवाई लेकर घर वापस जा रही थी। अचानक उसकी चोटी कट गई।
वहीं नूरपुर के गांव लोदीपुर मिलक निवासी लखपत सिंह की पत्नी बबली मंगलवार की रात करीब नौ बजे बाथरूम गई थी। इस दौरान उसकी चीख निकल गई और वह बेहोश हो गई। बाल कटने के बाद से गांव की महिलाओं में दहशत पसरी हुई है और महिलाओं ने घरों पर हल्दी के पंजे आदि लगाकर टोटके करने शुरू कर दिए हैं। वही सहसपुर क्षेत्र के गांव रहपनपुर में एक युवती की चोटी कट गई ।