स्योहारा। गुरुनानक डिग्री कॉलेज में मुरादाबाद से आए सचल दल की छापेमारी के दौरान हड़कंप मच गया। टीम की छापेमारी के दौरान परीक्षा कक्ष के ठीक बाहर कॉलेज परिसर के अंदर ही मॉडल पेपर व गैस पेपर पड़े मिले। टीम ने गैस पेपर अपने कब्जे में ले लिए हैं। कुछ दिन पहले क्षेत्र के ही लक्ष्य कॉलेज में खुद कुलपति ने छापा मारकर सामूहिक नकल पकड़ी थी।
गुरुनानक डिग्री कॉलेज और लक्ष्य कॉलेज एमजेपी रूहेलखंड यूनिवर्सिटी से संबद्ध हैं। लक्ष्य कॉलेज के छात्रों का परीक्षा केंद्र गुरुनानक डिग्री कॉलेज बनाया गया है। गुरुनानक डिग्री कॉलेज के छात्रों का परीक्षा केंद्र किसी दूसरे महाविद्यालय में बनाया गया है। गुरुनानक डिग्री कॉलेज में पांच हजार विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। शुक्रवार को बीएससी प्रथम वर्ष की जंतु विज्ञान व गणित की परीक्षा थी। गुरुनानक डिग्री कॉलेज की छात्राएं व लक्ष्य कॉलेज के छात्र परीक्षा दे रहे थे। इस दौरान मुरादाबाद से आई सचल दल की टीम ने परीक्षा केंद्र पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान कॉलेज में हड़कंप मच गया। सचल दल ने कॉलेज परिसर में प्रवेश किया तो एक कमरे के बाहर कॉलेज परिसर में ही मॉडल पेपर व गैस पेपर पड़े मिले। टीम ने इन्हें अपने कब्जे में ले लिया। कमरों में जाकर विद्यार्थियों की तलाशी भी ली। टीम इन मॉडल पेपर को अपने साथ बरेली ले जाएगी। टीम के अधिकारियों का कहना था कि मॉडल पेपर व गैस पेपर से विद्यार्थी परीक्षा दे रहे होंगे। परीक्षा कक्ष में सामूहिक नकल हो रही होगी। कुछ दिन पहले लक्ष्य कॉलेज के छात्रों ने गुरुनानक डिग्री कॉलेज के बाहर हंगामा किया था। उनका कहना था कि गुरुनानक डिग्री कॉलेज में उनका परीक्षा केंद्र बनाया गया है। आरोप लगाया था कि कॉलेज प्रबंधन अपनी छात्राओं को नकल करा रहा है। कुछ दिन पहले खुद कुलपति ने लक्ष्य कॉलेज में छापेमारी करके सामूहिक नकल पकड़ी थी। गुरुनानक डिग्री कॉलेज के प्राचार्य उदय सिंह का कहना है कि कॉलेज परिसर से मॉडल पेपर नहीं बल्कि परिसर के बाहर से कुछ पर्चियां मिली हैं। सचल टीम उन पर दबाव बनाने के लिए दूसरे कॉलेज से रिश्वत लेकर गलत आरोप लगा रहे हैं। प्रबंधक गुरदीप सिंह का कहना है कि उनके यहां कोई नकल नहीं हो रही है। कमरे के बाहर केवल पर्चियां मिली हैं। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति एके शुक्ल का कहना है कि अभी सचल दल की रिपोर्ट उन्हें नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी।