तीस लाख की शराब के साथ दो तस्कर दबोचे
बिजनौर।
पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मंडावर बाईपास से कैंटर में छिपाकर लाई जा रही 30 लाख की शराब के साथ दो तस्करों को दबोचा। तस्करों ने फरार होने के लिए पुलिस टीम पर कैंटर चढ़ाने की कोशिश भी की। 350 पेटी में यह शराब हरियाणा से लाई जा रही थी और किरतपुर, नगीना और नजीबाबाद में पहुंचानी थी।
एसपी अतुल शर्मा के मुताबिक मंगलवार की रात में पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मंडावर बाईपास पर चेकिंग के दौरान एक कैंटर को रोकने की कोशिश की। चालक ने फरार होने के लिकए पुलिस टीम पर ही कैंटर चढ़ाने का प्रयास किया। किसी तरह टीम ने कैंटर को पकड़ लिया। पुलिस ने तलाशी ली तो उसमें तिरपाल से ढक कर रूई के कतरन के बोरे में 350 पेटी शराब की लदी थी। पुलिस ने नजीबाबाद थाने के गांव श्रवणपुर निवासी नरेंद्र और हरियाणा के नूरवाला हरि सिंह चौक, पानीपत निवासी शेखर को दबोच लिया। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि शराब वह गांव श्रवणपुर निवासी गजेंद्र उर्फ चुहिया, नगीना के मोहल्ला कोटना निवासी सोहित, किरतपुर के गांव बहुपुरा निवासी भूरा के लिए लाए थे। झज्जा निवासी कैंटर स्वामी रवि से यह शराब मंगाई गई थी। हरियाणा से सस्ते दामों से खरीदकर यूपी में महंगे दामों में शराब बेचते है। एसपी के मुताबिक कैंटर पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। पकड़ी गई शराब तीस लाख रुपये की है। जिन लोगों के नाम सामने आए है, उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए है।