गढ़मलपुर क्षेत्र में हुई मुठभेड़, दरोगा को लगी हाथ में गोली
नजीबाबाद(बिजनौर)। बदमाशों से मुठभेड़ में एक दरोगा गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ में पुलिस ने दो इनामी बदमाशों को दबोचा है। बदमाशों के पास से पुलिस ने असलाह और लूटी गई एक बाइक बरामद की है।
नजीबाबाद पुलिस को क्षेत्र में बदमाशों के गढ़मलपुर क्षेत्र नहर क्षेत्र में बदमाशों के देखे जाने की सूचना मिली। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा, एसआई संजय यादव, एसआई रामवीर सिंह पुलिसबल के साथ शुक्रवार की रात्रि करीब 9.30 बजे गढ़मलपुर क्षेत्र में पहुंचे, तभी बाइक सवार बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ होगी। बदमाशों ने सीधे पुलिस पर फायर झोंक दिया। घटना में दरोगा संजय यादव के दाहिने हाथ में गोली लगी। पुलिस ने जवाब में गोली चलाते हुए दो बदमाशों को दबोच लिया। दोनों बदमाश भी पुलिस फायरिंग में घायल हो गए। पकड़े गए बदमाशों में हल्दौर निवासी शमशाद और मिर्जापुर निवासी नौशाद शामिल हैं। बदमाशों के पास से पुलिस ने दो तमंचे, असलाह और लूट की एक बाइक बरामद की है।
थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा ने बताया कि पकड़े गए दोनों बदमाशों पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, उन पर दस हजार का इनाम घोषित है। घायल दरोगा और दोनों बदमाशों को उपचार के लिए सामुदायिक केंद्र समीपुर लाया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस उच्च अधिकारी नजीबाबाद के लिए रवाना हो गए।