बालिका से पड़ोसी युवक ने किया दुष्कर्म
धामपुर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने नौ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बदहवास हालत में घर पहुंची बच्ची ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। थाने में घटना की तहरीर देकर बच्ची को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भेजा गया। बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है। घिनौनी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। पुलिस आरोपी को दबोचने के लिए दबिश दे रही है।
शुक्रवार सवेरे एक नौ वर्षीय बच्ची पड़ोस के ही घर में अपनी मां के कहने पर सिलाई को दिए कपड़े लेने के लिए गई थी। पड़ोसी के घर पर एक 22 वर्षीय युवक मौजूद था। युवक के परिजन जंगल गए हुए थे। आरोप है कि इस दौरान युवक ने बच्ची को अकेला पाकर बुरी नीयत से दबोच लिया। आरोपी युवक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे घर पर अकेला छोड़कर मौके से फरार हो गया। जब काफी देर बाद भी बच्ची अपने घर नहीं पहुंची तो परिजन उसे तलाशने लगे। कुछ देर बाद बच्ची बदहवास हालत में घर पहुंच गई और मां को घटना की जानकारी दी। बच्ची को लेकर परिजन कोतवाली पहुंचे। बच्ची की हालत को देख पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद घटना की पुष्टि होगी। कोतवाल अरविंद मोहन शर्मा का कहना है कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।