नींदडू़। पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात गोवंश कटान के नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए उनके घरों पर दबिश दी। आरोप है कि पुलिस ने एक आरोपी के भाई के घर में जमकर तोड़फोड़ की। एक अन्य घर के बाहर लगा बिजली का मीटर तोड़ डाला। पुलिस ने तोड़फोड़ के आरोप को बेबुनियाद बताया है।
चौकी पुलिस ने सूचना के आधार पर 28 मई की सवेरे करीब सात बजे कफील कुरैशी के घर छापा मारा था। यहां कुछ लोग गोवंश का कटान कर रहे थे। पुलिस को आता देख गोवंश काटने में शामिल आरोपी दीवार फांदकर भाग गए थे। पुलिस ने मौके से एक कुंतल मांस और पशु काटने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए थे। पुलिस ने गोवंश काटने में संलिप्त कफील अहमद समेत सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया था। बृहस्पतिवार की रात करीब ढाई बजे पुलिस टीम ने सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके घरों पर दबिश दी, किंतु कोई हाथ नहीं आया।
दूसरी ओर, आरोपी अनवर के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने दबिश के दौरान उसके आवास का मेन दरवाजा तोड़ दिया। अनवर का भाई अब्दुल रब उर्फ रब्बू बराबर के मकान में रहता है। अनवर के नहीं मिलने पर पुलिस ने उसके भाई रब्बू के घर में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने एक बाइक, एक तख्त, दो चारपाई, मुख्य द्वार के अलावा बाथरूम का दरवाजा आदि तोड़ दिया तथा भीतर रखा सामान व कपड़े आदि इधर उधर फेंक दिए। पुलिस ने एक अन्य आरोपी वसीम के नहीं मिलने पर उसके मकान के बाहर लगा बिजली का मीटर डंडा मारकर तोड़ दिया। उधर, चौकी प्रभारी उवेस खान ने तोड़फोड़ के आरोप को बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के घरों पर दबिश दी, किंतु कोई हाथ नहीं आया।