विदेश भेजने के नाम पर तीन लाख की ठगी
अफजलगढ़ । गांव कासमपुरगढ़ी निवासी एक व्यक्ति ने दो युवकों के खिलाफ पुत्र को विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी कर फर्जी कागज थमाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव के शद्दन खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बसी किरतपुर के मोहल्ला अफगानान निवासी शाहनवाज व यासीन उसके घर आए। उसके पुत्र जमाल खां को विदेश में अच्छी तनख्वाह दिलाने का झांसा देकर उससे तीन लाख रुपये नकद ले लिए। उन्होंने एक कंपनी के विजा पर विदेश भेज दिया। वहां पहुंचने पर उसके पुत्र को काम नहीं मिला, जिससे उसे वहां रहने व खाने से परेशान है। चेकिंग के दौरान वहां की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चालान कर दिया। 16 दिन के बाद उसके पुत्र को वापस भारत भेज दिया गया। जब इसकी शिकायत करने के आरोपी के पास गए, तो वह गाली-गलौज कर मारपीट पर उतारू हो गया। जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।