बिजनौर। राजेंद्र नगर कॉलोनी की ओर पेट्रोल पंप के पास खोली जा रही दुकान के विरोध में कॉलोनी की महिलाएं उतर आई हैं। महिलाओं ने शाम को दुकान पर जाकर वहां हंगामा करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। पुलिस ने महिलाओं को समझा बुझाकर शांत किया।
शुक्रवार को दिन में महिलाओं ने दुकान बंद कराने के लिए एसडीएम वीके सिंह को ज्ञापन दिया था। महिलाओं ने बताया था कि शराब की दुकान पर शराबियों की भीड़ लगी रहती है। यहां खड़े रहने वाले शराबी आती-जाती महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं। घर से निकलना मुश्किल हो गया है। शराबी शोर शराबा करते हुए खाली बोतल, पत्थर आदि फेंकते हैं। कॉलोनी की महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। महिलाओं को डर है कि कहीं उनके साथ कोई अनहोनी न हो जाए। कुछ दिन पहले दुकान बंद हो गई थी, लेकि न नए ठेके होने के बाद फिर से दुकान खोलने की तैयारी चल रही है। दुकान के अंदर मरम्मत आदि कार्य कराया जा रहा है। ज्ञापन पर कार्रवाई न होने पर महिलाएं शाम को शराब की दुकान पर पहुंच गई और निर्माण कार्य रुकवा दिया। महिलाओं ने दुकान खुलने का विरोध करते हुए हंगामा किया। इस दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंचे शहर कोतवाल फतेह सिंह ने महिलाओं को समझा बुझाकर शांत किया। इस दौरान मीनू गुप्ता, अंजू वशिष्ठ, सरिता, शिखा, तारावती, रितिका, नीरा जैन, भावना आदि मौजूद रहीं।