उरई। गोहन में एक खेत में भीषण आग लग गई। आग से करीब 20 बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जल गई। ग्रामीणों की सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। वहीं आग लगने की वजह अभी पता नहीं चली है।
गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर में शनिवार सुबह खेतों में आग गई। आग भीषण होते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण दौड़ कर खेतों के पास पहुंचे। उन्होंने तुरंत आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी।
काफी देर इंतजार करने के बावजूद दमकल गांव नहीं पहुंची तो आग फैलती चली गई। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद ही आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
करीब तीन घंटे कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक करीब 20 बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जल चुकी थी।
खेतों में आग कैसे लगी इसका किसी को पता नहीं चला। दमकल के न पहुंचने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।
गोहन के रसूलपुर गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो