चांदपुर में फल व्यापारी से दो लाख की लूट
चांदपुर। हल्दौर रोड पर मंडी समिति के पास बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े फल आढ़ती से करीब दो लाख रुपयेेेेे लूट कर सनसनी फैली दी। बदमाश व्यापारी को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
नगर के मोहल्ला काजीजादगान निवासी कमरूज्जमां उर्फ गुड्डू फल आढ़ती है। रविवार दोपहर करीब एक बजे हल्दौर रोड स्थित मंडी समिति से आढ़त का काम निपटाकर अपने पुत्र मोहम्मद हारिस के साथ बाइक से घर आ रहे थे। मंडी समिति से निकलकर आशियाना कॉलोनी के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बाइक रोक ली और डरा धमकाकर पुत्र के हाथ से थैला छीन कर जान से मारने की धमकी देते हुए हल्दौर की ओर फरार हो गए। गुड्डू ने बताया कि थैले में एक लाख 85 हजार 530 रुपये की नगदी, हिसाब-किताब के रजिस्टर आदि सामान था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं लगा। दिन दहाड़े व्यापारी से लूट की घटना से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। करीब पांच दिन पूर्व भी गांव बहावलपुर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने गांव एक दंपति से दस हजार की नगदी, सोने-चांदी के जेवर लूट लिए थे। आज तक भी पुलिस इस घटना का खुलासा नहीं कर सकी है।