छेड़छाड़ के विरोध में मारपीट, तीन घायल
जलालाबाद/नजीबाबाद। विवाह समारोह में छेड़छाड़ के विरोध में दो पक्षों के युवकों में जमकर मारपीट हुई। घटना में तीन युवकों के चोटें आईं। एक पक्ष की ओर से कल्हेड़ी के कई युवकों के विरुद्ध जानलेवा हमला करने, एक महिला सहित दो लोगों से सोने की चेन लूटने की तहरीर पुलिस को सौंपी गई है।
जलालाबाद के कचहरी सराय निवासी सलीम का वलीमा था। जिसमें कल्हेड़ी से कुछ युवक शामिल हुए थे। बताया जाता है कि युवकों ने दूल्हा सलीम पक्ष की युवतियों से छेड़छाड़ शुरू कर दी। कुछ युवकों ने समझाने का प्रयास किया तो उनसे भी युवक भिड़ गए। दोनों पक्षों के युवकों में जमकर मारपीट होने से विवाह समारोह में अफरातफरी मच गया। समारोह में शामिल लोगों ने 100 यूपी पुलिस को युवकों के दो पक्षों में झगड़ा होने की सूचना दी। पुलिस के आने से पहले ही छेड़छाड़ और मारपीट करने वाले युवक भाग गए। घटना में सलीम पक्ष की ओर से मो. फैज, सरफराज, रिजवान के चोटें आईं। सलीम के बहनोई फिरोज खान की ओर से कल्हेड़ी के युवकों द्वारा युवतियों से छेड़छाड़, लूट और मारपीट करने की तहरीर पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस ने आरोपी युवकों को पकड़ने के लिए दबिश दी, लेकिन कोई भी पुलिस के हाथ नहीं लगा।