बच्चे का अपहरण कर ले जा रही महिला को पुलिस ने दबोचा
नूूरपुर। ढाई वर्ष के बच्चे का अपहरण कर ले जा रही महिला को पुलिस ने सैदपुर चौराहे से दबोच लिया। अपहरण करने वाली महिला के साथ उसकी दो पुत्रियां भी थी। महिला ने नूरपुर शिव मंदिर चौक से बच्चे का अपहरण किया था और उसे अपने गांव स्योहारा थाने के गांव बल्लानंगला ले जा रही थी। पुलिस ने महिला के विरुद्घ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रविवार की शाम छह बजे नूरपुर से छजलैट जा रही प्राइवेट बस में एक महिला की गोद में बैठा ढाई वर्ष का बच्चा काफी तेज रो रहा था। महिला के चुप कराने के लाख प्रयास के बाद भी बच्चा चुप नही हुआ तो बस में बैठी सवारियों को कुछ शक हुआ। इस दौरान बस में किसी यात्री ने पुलिस को फोन कर क संदिग्ध महिला के बच्चे को अपहरण कर ले जाने की सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने बस का पीछा कर सैदपुर चौराहे पर रोक लिया और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक जबाव नही दे सकी। इस दौरान नूरपुर निवासी जावेद ने थाने पहुंचकर अपने ढाई वर्षीय पुत्र फैजान के गायब होने की सूचना दी। पुलिस ने उसे सैदपुर से मिले बच्चे का फोटो दिखाया तो उसने बच्चे को पहचान लिया। जावेद ने बताया कि वह अपनी पत्नी रजिया के साथ बाजार में खरीददारी करने आया था। उसने फैजान को उसके दादा घसीटा के पास शिव मंदिर चौक के पास उनकी बैंड की दुकान पर छोड़ा था कि कुछ देर में ही बच्चा गायब हो गया। बच्चे के सकुशल मिलने पर पुलिस व बच्चे के परिजनों ने राहत की सांस ली। बच्चे को अपहरण कर ले जाने वाली महिला ने अपना नाम अलीना पत्नी सलीम निवासी गांव बल्लानंगला थाना स्योहारा बताया। उसके साथ उसकी दो पुत्री भी थीं। महिला ने बताया कि बच्चा बस स्टैंड पर लावारिस खड़ा रो रहा था। उसने सोचा कि किसी का बच्चा वहां छूट गया है। वह उसे घर ले जा रही थी कि बच्चे के परिवार वालों का पता चलने पर वह बच्चे को लौटा देगी। पुलिस ने बच्चे के पिता की तहरीर पर अलीना के विरुद्घ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।