बिजनौर। जिला अस्पताल में दवाई लेने आई दो महिलाएं जहरखुरानी का शिकार बन गई। महिलाएं बेहोशी की हालत में कक्ष नंबर 20 तथा नेत्र परीक्षण कक्ष के सामने पड़ी मिली। अस्पताल स्टाफ ने उन्हें तुरंत आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया। इसके बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई।
कोतवाली शहर के गांव रशीदपुर गढ़ी निवासी शकुंतला (65) और मोहल्ला नवाब का हत्ता निवासी सरोज (60) बृहस्पतिवार की सुबह अपने घर से जिला अस्पताल में दवाई लेने की बात कहकर निकली थी। जिला अस्पताल में शकुंतला कक्ष नंबर 20 तथा सरोज नेत्र परीक्षण कक्ष के पास बेहोशी की हालत में मिली। अस्पताल स्टाफ ने दोनों महिलाओं को आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया। तलाशी में दोनों के पास जिला अस्पताल का पर्चा भी मिला। दोनों महिलाओं के कानों के कुंडल, पर्स गायब मिले। सरोज के पास मिली डायरी में लिखे नंबर जबकि शकुंतला को जिला अस्पताल में मौजूद एक व्यक्ति ने पहचान कर उसके घर सूचना दी। होश में आने पर महिलाओं ने बताया कि उनको किसी ने पानी में पाउडर घोलकर दिया था। इसके बाद वह बेहोश हो गई थी। जिला अस्पताल में माह में एक बार ऐसी घटना हो जाती है।
सीएमएम डा. राकेश दूबे ने बताया कि मामला गंभीर है। एसपी को जिला अस्पताल में लंबित पड़ी चौकी को शुरू कराने के लिए पत्र लिखेंगे, ताकि मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था सही हो सके। फिलहाल के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के लिए सिपाही तैनात करने को कहा जाएगा।