बिजनौर। एक वारंटी का चालान करने पर शहर कोतवाली में जमकर हंगामा हुआ। एक दरोगा ने चेयरपर्सन के पति शमशाद अंसारी व उनके समर्थकों से अभद्र व्यवहार करते हुए गालियां दीं। चेयरपर्सन के पति का कहना है कि दरोगा ने एक वारंटी को छोड़ने के बदले दस हजार रुपये लिए थे। रुपये लेने के बाद भी वारंटी का चालान कर दिया। आरोप है कि दरोगा काम न करने भी पर पैसे नहीं लौटा रहा था। इस मामले की शिकायत एसपी सिटी डा.दिनेश सिंह से की गई है।
पुलिस ने शुक्रवार रात मोहल्ला मिर्दगान निवासी वारंटी हाशिम को पकड़ा था। हाशिम पर कोर्ट में मारपीट का मामला विचाराधीन है। परिजनों का कहना है कि हाशिम को छोड़ने के बदले आबकारी चौकी पर तैनात दरोगा विजय सिंह ने उनसे दस हजार रुपये लिए थे। दरोगा ने उन्हें बताया था कि वारंटी का चालान करना या फिर कोर्ट में पेश होने की चेतावनी देकर छोड़ना पुलिस का अधिकार होता है। उन्होंने विजय सिंह की बातों में आकर उन्हें दस हजार रुपये दे दिए, लेकिन फिर भी दरोगा ने हाशिम का चालान कर दिया। इस मामले में शनिवार शाम चेयरपर्सन के पति शमशाद अंसारी अपने समर्थकों के साथ शहर कोतवाली पहुंचे और दरोगा से रुपये लौटाने को कहा। आरोप है कि पैसे वापस करने को कहने पर दरोगा विजय सिंह भड़क गए और उन्होंने चेयरपर्सन पति शमशाद अंसारी से जमकर गाली गलौच की। वीडियो बना रहे शमशाद अंसारी के एक समर्थक का मोबाइल भी हाथ मारकर तोड़ दिया। इस मामले को लेकर काफी देर तक शहर कोतवाली में हंगामा होता रहा। इस मामले की शिकायत शमशाद अंसारी ने एसपी सिटी दिनेश सिंह से की है। एसपी सिटी का कहना है कि उन्होंने मामले की जांच सीओ सिटी गजेंद्रपाल सिंह से की है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई होगी।