लूट की योजना बनाते दो बदमाश दबोचे
बिजनौर। रेहड़ पुलिस ने लूट की योजना बना रहे दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद दबोचा लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से चार तमंचे, एक पेटी कारतूस और एक कार बरामद हुई है।
एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक एसपी प्रभाकर चौधरी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में रेहड़ पुलिस ने पीली डैम बैराज के पास खाली पड़े मकान में लूट की योजना बना रहे दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश रेहड़ थाने के गांव कल्लूवाला निवासी मुख्तियार उर्फ पिंकू, हरियाणा के सोनीपत जिले के थाना राई के गांव खेवड़ा निवासी राजेश हैं। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से एक कार, 12 बोर और 32 बोर का एक-एक तमंचा, दो तमंचे 315 बोर, एक पेटी 12 बोर के कारतूसों की बरामद की है। पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ के दौरान बताया कि दोनों पिछले तीन माह से एक-दूसरे के संपर्क में थे। पहले दोनों कालागढ़, रामनगर में हरियाणा राज्य से शराब की तस्करी करते थे।
पुलिस की सख्ती की वजह से ये काम बंद कर दिया। उत्तराखंड और गदरपुर से उन्होंने तमंचे खरीदकर खर्चों की पूर्ति के लिए घरों में लूटपाट का प्लान बनाया। इसी मकसद से पीली डैम के पास लूटपाट की योजना बना रहे थे। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया राजेश शातिर किस्म का लुटेरा है। सोनीपत में एक ज्वैलर्स की दुकान में वह लूट की घटना को अंजाम भी दे चुका है।