बिजनौर। साइबर अपराधी लोगों को ठगने का तौर तरीका बार बार बदल रहे हैं। अब न ओटीपी मालूम की जा रही है और न ही पासवर्ड। जी हां, अब मोबाइल हैक करके खुद ब खुद पैसा उड़ा लेने का मामला सामने आया है। दरअसल चीनी मिल कर्मी के मोबाइल को एक मैसेज भेजकर हैक करते हुए 45 हजार रुपये की ठगी कर ली गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव राघोरामपुर उर्फ नया गांव निवासी सुधीर कुमार चीनी मिल में बतौर चालक काम करते हैं। सुधीर कुमार ने बताया कि रविवार की दोपहर बाद दो बजे उनके पास एक मैसेज आया। उक्त मैसेज को खोला तो भाषा समझ नहीं आ सकी। इस पर मैसेज को डिलीट कर दिया, मगर मैसेज डिलीट होने के बाद भी उनके फोन में एप खुद ही इंस्टॉल हो गया। बताया कि वे अपने फोन में फोन पे और गूगल पे चलाते हैं। कुछ ही सेकेंड में फोन खुद ही चलने लगा और स्क्रीन काली हो गई। फोन को खुद ब खुद चलता देख उन्होंने बंद करने का भी प्रयास किया, मगर गूगल पे से 45 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। बताया कि गूगल पे में पासवर्ड लगा हुआ था, जबकि फोन पे में अंगूठे की बायोमीट्रिक लगाते हैं। अगर फोन पे में पासवर्ड की जगह बायोमीट्रिक न होती तो फोन पे से भी रकम ट्रांसफर कर ली जाती। पीड़ित ने साइबर ठगी की शिकायत पोर्टल पर दर्ज करा दी है।