अफजलगढ़ (बिजनौर)। गांव मोहम्मदपुर अलीपुर चौहड़ के पास सोमवार दोपहर एक बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार विशाल (28) पुत्र राजवीर निवासी बाजपुर उत्तराखंड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया।
गांव बिरला फार्म निवासी रामकेश की पुत्री की बरात सोमवार को आई थी। सचिन (25) पुत्र गजराम सिंह निवासी डिडीहाट बाजार उत्तराखंड, अजय (28) पुत्र भगवानदास निवासी समोदिया बाजपुर उत्तराखंड तथा विशाल (28) पुत्र राजवीर सिंह निवासी बाजपुर उत्तराखंड एक ही बाइक से शादी में शामिल होने के लिए बिरला फार्म आ रहे थे। गांव मोहम्मद अलीपुर चौहड़ के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही टैक्टर-ट्राॅली में पीछे से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक पर सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस से घायलों की सीएचसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सक ने विशाल को मृत घोषित कर दिया। दोनों अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। विशाल की छह वर्ष पूर्व शादी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवारों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव कब्जे में ले लिया। सीओ आलोक सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।