राजा का ताजपुर। नूरपुर-स्योहारा मार्ग पर रविवार रात्रि करीब नौ बजे एक कार ताजपुर नई बस्ती में बाइक में टकराने के बाद अनियंत्रित हो गई। चालक ने कार लेकर वहां से भागने का प्रयास किया तो पैदल जा रहे दो लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद कार की सामने से आ रही स्कार्पियो से जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
नजीबाबाद निवासी कावेंद्र कुमार अपनी कार से ताजपुर रिश्तेदारी में आ रहा था। ताजपुर नई बस्ती में बाइक से वाजिद अहमद व रहीसा खातून की कार से टक्कर हो गई। चालक ने कार लेकर भागने का प्रयास किया लेकिन कुछ ही दूरी पर ताजपुर बस स्टैंड से आगे पैदल जा रहे ताजपुर निवासी दिलावर सिंह व रवाना निवासी समीर अहमद को टक्कर मार दी।
दोनों सड़क किनारे दूर जाकर गिरे। इन दोनों को बचाने के चक्कर में सामने से आ रही स्कार्पियो गाड़ी से कार की टक्कर हो गई। पुलिस ने दुर्घटना में घायल हुए दिलावर, समीर, वाजिद अली व रहीसा खातून को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया। महिला रहीसा व दिलावर को हायर सेंटर रेफर किया गया है।