नहटौर। पांच दिन पूर्व टहलते समय सड़क दुर्घटना में घायल हुए फुलसंदा निवासी आंचल (30) की रविवार शाम मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। देर रात शव आवास पर पहुंचने पर परिवार व गांव में मातम पसर गया। सोमवार को गमगीन माहौल में गंगा बैराज घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक आंचल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। 30 अप्रैल की शाम वह गांव के पास ही कोतवाली रोड पर टहल रहा था। इसी दौरान किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और दो बेटियों को छोड़ गया है। वहीं, कोतवाल रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।