कांधला। जनपद सहारनपुर के थाना गंगोह क्षेत्र के गांव बासदई निवासी सुंदर तथा गांव चोपडा निवासी अनिल बाइक पर सवार होकर बुधवर को गांव जसाला में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गांव जसाला के निकट पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते बाइक सड़क पर फिसल गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत घायलों की मदद करते हुए एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस चालक कमल कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को प्राथमिक सहायता देने के बाद एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला पहुंचाया। दोनों की हालत को गँभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।