कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कलक्ट्रेट में धरना जारी
बिजनौर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की रिहाई के लिए दूसरे दिन भी कलक्ट्रेट में धरना दिया और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस नेता पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे जहां उन्होंने धरना दिया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आवाज को दबाना चाहती है। गृह राज्यमंत्री के पुत्र ने लखीमपुर खीरी में शांतिपूर्वक धरना दे रहे किसानों को गाड़ी से कुचल दिया। मृतक किसानों के परिजनों को सांत्वना देने जा रहीं प्रियंका गांधी को बिना किसी वारंट और न्यायिक आदेश के गैर कानूनी तरीके से गिरफ्तार किया गया। इसकी कांग्रेस घोर निंदा करती है। वक्ताओं ने कहा कि अगर प्रियंका गांधी को शीघ्र ही बिना शर्त रिहा नहीं किया गया तो जिले के कार्यकर्ता छह अक्तूबर को जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर गिरफ्तारी देंगे।
इस मौके पर नेताओं ने मांगें पूरी कराने के लिए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में दिया। इस दौरान मुनीश त्यागी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुधीर पाराशर, ठाकुर अवनीश कुमार, पूर्व मंत्री ओमवती देवी, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी आरके सिंह, जिला महासचिव नजाकत अल्वी, मीनू गोयल, सतीश कुमार गौतम, सपना रवि, रुहिल नसीब पठान, हुसैन अंसारी, गुलशन कुमार, मुन्नालाल प्रेमी, राजीव सिंह, आदि मौजूद रहे।