बिना कर्ज के ही समिति पर पैसा काटने का आरोप
कादराबाद। बिना कर्ज लिए ही लगातार तीन वर्ष से खाते से पैसा काटे जाने से परेशान किसान ने गन्ना समिति कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों पर शोषण करने का आरोप लगाया है। किसान ने चेतावनी दी है कि शीघ्र ही उसकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह डीएम से शिकायत करेगा।
गांव अनवरपुर चंडिका निवासी किसान राजपाल सिंह का कहना है कि उसके गन्ने के खाते से लगातार तीन वर्षों से कर्ज के नाम पर पैसा काट लिया जाता है। इस कारण उसे गन्ना समिति कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर होना पड़ रहा है। उसने बताया कि करीब 15 दिन पूर्व ही उसके खाते में गन्ने का पेमेंट आया था। इस बार भी 22 हजार रुपये काट लिये गए। जब वह बैंक से पैसे लेेेने गया तो पैसे काटे जाने के बारे में पता चला। इस मामले की जानकारी जब उसने गन्ना समिति कार्यालय में दी तो समिति अधिकारियों ने गलती से किसी और का पैसा उसके खाते से कटने की बात कहते हुए दो चार दिन के भीतर पैसा वापस दिए जाने का आश्वासन दिया। किसान का कहना है की वह करीब एक सप्ताह से अपने पैसे वापस पाने के लिए समिति के चक्कर काट रहा है। इसके बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि समिति कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा पहले भी उसे परेेशान किया जा चुका है। किसान ने चेतावनी दी है कि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह डीएम से शिकायत करेगा। समिति सचिव साहब सिंह सत्यार्थी ने बताया कि सुपरवाइजर से जानकारी हासिल कर किसान की समस्या का स्थायी समाधान कराने कराया जाएगा।