कल नगीना आएंगे सीएम योगी, आज बढ़ापुर में ओवैसी
बिजनौर। विधानसभा चुनाव का प्रचार खत्म होने की शाम तक जिले में राजनेताओं का तांता लगा रहेगा। आज बढ़ापुर में ओवैसी, कल नगीना में सीएम योगी आदित्यनाथ आएंगे। इनकी जनसभा होगी। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी आज बिजनौर में रहेंगे।
बढ़ापुर विधानसभा में चुनाव प्रचार के लिए आज एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पहुंचेंगे। जोकि बढ़ापुर में कोटद्वार रोड पर स्थित आशियाना कॉलोनी में जनसभा को संबोधित करेंगे। 12 बजे हेलीकॉप्टर से बढ़ापुर पहुंचेंगे। वहीं दस फरवरी को नगीना में सीएम योगी का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। नगीना के रामलीला मैदान में सीएम योगी जनसभा को संबोधित करेंगे। सीएम योगी इस चुुनाव प्रचार में तीसरी बार जनपद में पहुंच रहे हैं।
बता दें कि अबकी बार भाजपा नगीना सीट को लेकर काफी प्रयास कर रही है। स्वयं सीएम योगी भी नगीना सीट पर लगातार हो रही हार की कसक जाहिर कर चुके थे। वहीं आज बिजनौर में धामपुर रोड पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इनके अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का भी 12 फरवरी को नूरपुर, बढ़ापुर और नजीबाबाद में कार्यक्रम प्रस्तावित है। 12 फरवरी को बिजनौर में जयंत चौधरी और अखिलेश यादव का कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।