हीमपुर दीपा/ छाछरी मोड़। कई वर्षों से गंगा खादर क्षेत्र से सटी छोईया नदी में कूड़ा करकट, सिल्ट और गंदगी की सफाई नहीं हुई थी। अब सिंचाई खंड हरिद्वार ने नदी की सफाई के लिए अभियान शुरू कर दिया है।
गंगा खादर क्षेत्र के सलेमपुर खादर, मीरापुर, सीकरी, सादाबाद, फैजीपुर खादर, ढोलनपुर, शाहपुर लाल सहित लगभग 10 गांव छोईया नदी से सटे हैं। बरसात आने पर छोईया नदी का पानी ओवरफ्लो होकर बाढ़ का रूप ले लेता है, जिससे किसानों की हजारों बीघा फसल पानी में डूब जाती है। सिंचाई खंड हरिद्वार द्वारा मीरपुर सिकरी के हेड से टेल तक उप खंड की 16.900 किमी छोईया नदी में दो जेसीबी से सफाई अभियान शुरू करा दिया गया है। सफाई अभियान के दौरान पेपर मिल द्वारा शुक्रवार से छोईया नदी में पानी छोड़ दिया गया, जिसके चलते सफाई अभियान में बाधा उत्पन्न हो रही है। विभागीय उपखंड के जेई अवनीश कुमार ने बताया कि इस संबंध में विभागीय उच्च अफसरों, पेपर मिल प्रबंधन तथा जिला प्रशासन को लिखित रूप से अवगत करा दिया है।