- सूचना देने पर छात्रा के भाई ने आरोपी छात्र को मार दिए थप्पड़
- छात्रा के भाई से बदला लेने के लिए छात्र ने बुला लिए अपने साथी
- ग्रामीणों ने छह को पकड़ कर पुलिस को सौंपा, नौ के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
स्योहारा (बिजनौर)। स्कूल का काम करने के लिए नोटबुक न देने पर सहपाठी छात्र ने शनिवार को छात्रा की पिटाई कर दी। इसकी सूचना देने पर छात्रा के भाई ने छात्र को थप्पड़ मार दिए। रविवार को आरोपी छात्र ने छात्रा के भाई की पिटाई करने के लिए अपने साथियों को बुला दिया। मगर, ग्रामीणों ने इनमें से छह युवकों को पकड़ पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी छात्र सहित नौ के विरुद्ध मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपी नाबालिग है।
थाना क्षेत्र एक गांव निवासी दसवीं की छात्रा से शनिवार की सुबह साढ़े दस बजे सहपाठी छात्र की नोटबुक के काम को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस पर छात्र ने छात्रा की पिटाई कर दी। दोनों एक ही गांव के रहने वाले है। छात्रा ने इसकी सूचना अपने भाई को दी। उसके भाई ने छात्र को दो थप्पड़ जड़ दिए।
रविवार को आरोपी छात्र ने छात्रा के भाई से बदला लेने के लिए अपने बिजनौर और मुरादाबाद के रहने वाले आठ साथियों को गांव में बुला लिया। मगर, इससे पहले ही ग्रामीणों ने इनमें से छह को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। तीन मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने छात्रा की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सभी आरोपी नाबालिग, थाने से छोड़ा
सीओ सवर्म सिंह ने बताया कि सभी आरोपी नाबालिग है। मगर, इनके खिलाफ मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सभी को दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराकर थाने से छोड़ दिया गया है। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।