मजदूरी के लिए लाए गए बच्चे घर भेजे
बिजनौर। प्रशासन ने झारखंड से मजदूरी के लिए लाए गए बच्चे रेस्क्यू कर तीन माह बाद उनके घर भेज दिए। प्रशासन ने तीन महीने पहले नहटौर व हल्दौर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से रेस्क्यू करके झारखंड राज्य के जिला लातेहार से लाए गए पांच बच्चे अनिल, प्रदीप, दशरथ, बबलू व अजय को रेस्क्यू किया था।
पूछताछ में बच्चों ने बताया था कि एक व्यक्ति गाड़ी से उन्हें यहां लाया था। गांव के लोग उस व्यक्ति को ठेकेदार कह रहे थे। जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि बच्चों से गन्ना छिलवाने समेत दूसरे मजदूरी के काम कराए जाते थे। आरोप है कि बच्चों को भूखा रखा जाता था। खाना मांगने पर बच्चों के साथ डांट फटकार की जाती थी। बाल कल्याण अधिकारी रूबी गुप्ता की टीम ने एक अज्ञात व्यक्ति के फोन के बाद बच्चों को रेस्क्यू किया था। बच्चों को चिकित्सा जांच के बाद चाइल्ड लाइन नजीबाबाद भेज दिया गया था। लातेहार जिला प्रशासन द्वारा तकनीकी आपत्ति लगाने के कारण पिछले महीने बच्चों की घर वापसी रुक गई थी। बाल कल्याण विभाग की टीम ने शुक्रवार को बच्चों को लातेहार जिला प्रशासन को सौंप दिया है। संजय कुमार ने बताया कि जाते समय बच्चे भावुक थे।