संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बिजनौर की चक्कर रोड पर रेल फाटक के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार अंकुश और उसकी पत्नी राजवती गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि उनका डेढ़ साल के बेटे ओमजीत की मौत हो गई। घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। बिजनौर शहर कोतवाली के गांव रेहड़वा का रहने वाला अंकुश पुत्र धर्मपाल, पत्नी राजवती और बेटे ओमजीत (डेढ़ साल) के संग अपनी ससुराल गांव सीतावाली एक शादी में गया था। बुधवार की देर शाम लौटते हुए बख्शीवाला के पास किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार अंकुश और उसकी पत्नी राजवती घायल हो गए। बेटे ओमजीत की मौके पर ही मौत हो गई। घायल पति पत्नी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए रेफर कर दिया। जिनका मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बालक की मौत और उसके माता-पिता के घायल होने की वजह से परिवार में मातम छाया हुआ है। मृतक बालक के मामा की ओर से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।