दमनकारी नीतियां अपना रही सरकार : जयंत
रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि सरकार दमनकारी नीतियां अपना कर क्रूरता का परिचय दे रही हैं। बहावड़ी की घटना इसी का परिणाम है। उनकी संवेदना पीड़ित परिवार के साथ है और उनकी मांग का पुरजोर समर्थन करते हैं। पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।
शामली के गांव बहावड़ी में बीते शनिवार को ओमपाल सिंह के घर के बाहर चबूतरे को बुलडोजर से तोड़ने के दौरान बुजुर्ग हरदन सिंह की मौत हो गई थी। रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह सोमवार को बहावड़ी पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार क्रूरता का परिचय दे रही है। वह दमनकारी नीति अपना रही है। यह सरकार निर्माण तो करा नहीं पा रही है वर्षों पहले के निर्माण पर बिना सुनवाई व नोटिस दिए बुलडोजर चलवा रही है।
बुजुर्ग हरदन सिंह के परिवार की समाज में अच्छी छवि है। गांव के विकास में योगदान भी है। इसके बावजूद परिवार के साथ अमानवीय व्यवहार हुआ। सरकारी बुलडोजर चल रहा था, उस दौरान हरदन सिंह की तबीयत बिगड़ी और मौत गई। इसके बाद भी बाबा का बुलडोजर थमा नहीं। ऐसे में अधिकारियों को पहले पीड़ित के इलाज की व्यवस्था करानी चाहिए थी। जयंत सिंह ने कहा कि क्रूर शासक का भी जनता के हाथों समाधान होना चाहिए।
इस घटना के समय मौके पर मौजूद अधिकारी भी दोषी हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। वे पीड़ितों को न्याय दिलाने की लड़ाई में उनके साथ हैं।
बुलडोजर से पड़ोसी को भी हो रहा नुकसान
सरकार की बुलडोजर नीति पर सवाल खड़ा करते हुए जयंत सिंह ने कहा कि बहावड़ी में किसी को भी नोटिस नहीं दिया गया। बुलडोजर से पड़ोसी को भी नुकसान हुआ है।