नहीं लगेगा छड़ी जाहर दीवान का मेला
बिजनौर। कोरोना के चलते इस बार भी गंज दारानगर में छड़ी जाहर दीवान का मेला नहीं लगेगा। जाहर दीवान के मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। छड़ी जाहर दीवान के मेले में हर साल कई लाख श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। जिले के साथ गैर जिले व राज्यों तक के श्रद्धालु इस मेले में प्रसाद चढ़ाने आते थे।
कोरोना के मद्देनजर गंज दारानगर में इस बार भी छड़ी जाहर दीवान के मेले पर रोक लगा दी गई। जिला पंचायत की ओर से हर साल ये मेला लगाया जाता था। मेले में जिले के साथ दूर दराज के कई लाख श्रद्धालु आते थे। मेले के लिए प्रशासन को विशेष इंतजाम करने पड़ते थे। मेले में राजस्थान के अलावा झारखंड व दूर दराज के जिलों से श्रद्धालुु प्रसाद चढ़ाने आते थे। पांच दिन तक ये मेला लगता था। इस बार भी 14 अगस्त से मेला लगने की उम्मीद थी, पर जिला पंचायत ने मेला नहीं लगाने का निर्णय लिया है। मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने की भी अनुमति नहीं रहेगी।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी डा. श्याम बहादुर शर्मा के मुताबिक कोरोना के चलते छड़ी जाहर दीवान मेले पर पूरी तरह रोक लगा दी गई हैं। जो ऐसा करेगा पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी। ये मेला इस बार नहीं लगेगा।