मानक के अनुरूप टीकाकरण न होने पर सीडीओ नाराज
बिजनौर। सीडीओ कामता प्रसाद सिंह ने टीकाकरण कार्य में प्रदेश स्तर पर जिले की प्रगति रिपोर्ट खराब पाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त कते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों और अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों-कर्मचारियों को मानक के अनुरूप प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ को कम प्रगति वाले एमओआईसी का स्पष्टीकरण करने के लिए भी निर्देशित किया।
सीडीओ ने कहा कि बार-बार दिए जाने वाले निर्देशों और जिले में अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर होने के बावजूद टीकाकरण कार्य में जिले की प्रगति अत्यंत खराब है, जिससे स्पष्ट होता है कि एमओआईसी इस महत्वपूर्ण कार्य को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
विकास भवन के सभागार में सीडीओ कामता प्रसाद सिंह ने जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से आयोजित बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने परिवार नियोजन कार्यक्रम में भी बहुत कम प्रगति पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कहा कि जिले में अपेक्षित स्टाफ और स्वास्थ्य संसाधनों की उपलब्धता के बावजूद स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति प्रदेश स्तर पर अत्यंत खराब है, यह स्थिति बेहद ही चिंताजनक है। सख्त चेतावनी दी है कि जो भी अधिकारी-कर्मचारी शिथिलता एवं लापरवाही के दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि टीकाकरण कार्य में जिन एमओआईसी के कार्य प्रगति अत्यंत खराब है और जो एएनएम एवं कर्मचारी इस कार्य में शिथिलता के जिम्मेदार हैं, उनका स्पष्टीकरण तलब किया जाए। इस अवसर पर सीएमओ डा. विजय कुमार गोयल, सभी अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला समन्वयक फारुख अजीज, एमओआईसी तथा संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।