Meerut News: सीसीएसयू ने सोमवार को एलएलएम द्वितीय सेमेस्टर के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर लाइव किए थे। कुछ घंटे बाद ही परीक्षाएं स्थगित करने की सूचना आ गई। वहीं एलएलबी द्वितीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय कैंपस एवं संबद्ध कॉलेजों में मंगलवार से प्रस्तावित एलएलएम द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। परीक्षा शुरू होने से ठीक एक दिन पहले विश्वविद्यालय प्रशासन ने पेपर स्थगित करने के आदेश जारी किए।
विज्ञापन
विश्वविद्यालय ने सोमवार दोपहर एलएलएम द्वितीय सेमेस्टर के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर लाइव किए थे लेकिन कुछ घंटे बाद ही परीक्षाएं स्थगित करने की सूचना जारी कर दी गई। हालांकि एलएलएम चतुर्थ सेमेस्टर सहित अन्य सभी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तय परीक्षा केंद्रों पर संचालित होंगी। इधर मंगलवार से विश्वविद्यालय में एलएलबी द्वितीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर की परीक्षाएं भी शुरू हो गई हैं।
114 कॉलेजों ने नहीं अपलोड किए अंक, विवि ने जताई नाराजगी
विश्वविद्यालय ने संबद्ध कॉलेजों को दिसंबर 2025 सत्र के यूजी-पीजी एनईपी पाठ्यक्रमों के आंतरिक, बाह्य एवं प्रायोगिक परीक्षाओं के अंक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। बावजूद इसके 114 कॉलेज अब तक छात्रों के अंक पोर्टल पर अपलोड नहीं कर सके हैं। विवि प्रशासन ने कहा है कि कॉलेज अपने स्तर पर जांच सुनिश्चित करें ताकि कोई भी छात्र अंक अपलोड प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया कि यदि कॉलेजों की लापरवाही से छात्रों का परिणाम प्रभावित होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित संस्थानों की होगी।
विवि ने कई पाठ्यक्रमों के परिणाम किए जारी
सीसीएसयू ने बीसीए प्रथम सेमेस्टर एक्स-बैक, एमएससी एजी एग्रोनॉमी, डेयरी साइंस, एग्रीकल्चर इकोनॉमिक्स, एग्रीकल्चर केमेस्ट्री एंड सॉयल साइंस, हॉर्टीकल्चर, एजी एक्सटेंशन, जेनेटिक्स एंड प्लांट ब्रीडिंग, प्लांट पैथोलॉजी प्रथम सेमेस्टर, बीए योगिक साइंस एवं बीएससी योगिक साइंस पंचम सेमेस्टर, एमए योगिक साइंस प्रथम सेमेस्टर तथा पीजी डिप्लोमा योगा साइंस प्रथम सेमेस्टर के परिणाम जारी कर दिए हैं। छात्र मंगलवार से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने परिणाम देख सकते हैं।