बीयर ओवररेट पर बेचते पकड़ा, जुर्माना
बिजनौर। एक व्यक्ति ने मॉडल शॉप से बीयर खरीदी जोकि दस रुपये ओवर रेट में दी गई। खरीदार मॉडल शॉप से बाहर निकला और छापा पड़ गया। दरअसल खरीदार कोई शराबी नहीं बल्कि एसडीएम सदर का अर्दली था, जिसे स्टिंग करने के लिए ही बीयर खरीदने के लिए भेजा गया। एसडीएम सदर देवेंद्र सिंह और आबकारी विभाग की टीम ने दोनों मॉडल शॉप पर जुर्माना लगाया है।
बुधवार को बिजनौर शहर की मॉडल शॉप क और ख के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई। बता दें कि मंगलवार की देर शाम एसडीएम देवेंद्र सिंह ने अपने अर्दली को पैसा देकर बीयर खरीदने के लिए भेजा। अर्दली ने शक्ति चौराहे के पास मॉडल शॉप से बीयर खरीद ली। बीयर निर्धारित रेट से दस रुपये अधिक में दी गई। इसके तुरंत बाद ही एसडीएम देवेंद्र सिंह और आबकारी निरीक्षक मोनिका यादव ने छापा मारा। ओवररेट बेचने पर मॉडल शॉप पर जुर्माना लगाया गया है। वहीं शक्ति चौराहे के पास ही दूसरी मॉडल शॉप पर शराब पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक और अनुज्ञापी का नाम नहीं लिखा पाया गया, जिसके चलते इस मॉडल शॉप पर भी जुर्माना लगाया गया है।