बसपा प्रत्याशी पूर्व विधायक रुचि वीरा पर दर्ज हुआ केस
बिजनौर। बिजनौर सदर सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही पूर्व विधायक रुचिवीरा के खिलाफ जिले में आचार संहिता के उल्लंघन का पहला केस दर्ज हुआ है। पूर्व विधायक और उनके नौ समर्थकों को नामजद करते हुए 100 अज्ञात आरोपी बनाए गए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मंडावर थाना क्षेत्र सैफपुर बांगर उर्फ नाइवाला में रविवार की दोपहर बसपा उम्मीदवार रुचिवीरा प्रचार करने गई थी। यहां किसी ने फोटो ले ली और यह फोटो पुलिस तक पहुंच गई। पुलिस ने बिना अनुमति जनसभा किए जाने के मामले में मंडावर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। जिसमें बसपा उम्मीदवार रुचिवीरा और उनके समर्थकों पर बिना अनुमति जनसभा करने, आचार संहिता का उल्लंघन करने और महामारी अधिनियम का उल्लंघन करने का आरोप है। पुलिस ने जनसभा के फोटो और वीडियो जुटा ली हैं। जिले में आचार संहिता के उल्लंघन का इस चुनाव में यह पहला केस दर्ज हुआ है।
इनके खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
बसपा उम्मीदवार पूर्व विधायक रुचि वीरा, जोगेंद्र कुमार, तुलसीराम, गौतम, लखीराम, नितिन, सुशील, विपिन कुमार, तिलकराम, रोहताश सिंह और 100 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। उधर जनसभा में मौजूद ग्रामीणों में खलबली मची है। जिन्हें अज्ञात में उनके नाम शामिल होने का डर सता रहा है।
वर्जन
जनसभा करते हुए भीड़ जुटाकर आचार संहिता का उल्लंघन किया है। आचार संहिता और महामारी अधिनियम का उल्लंघन करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
- डॉ. धर्मवीर सिंह, एसपी
मैंने कोई नियम नहीं तोड़े हैं। मैं निर्धारित संख्या में ही प्रचार करने गई थी। वहां पहुंचने पर गांव के लोग एकत्रित हो गए। उन्हें समझाकर वापिस भेज दिया गया था। कोई जनसभा या कार्यक्रम नहीं हुआ। यह एक तरफा कार्रवाई है, हमारा पक्ष पुलिस ने नहीं पूछा।
- रुचि वीरा, बसपा प्रत्याशी बिजनौर