कड़ापुर बवाल में 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज
हल्दौर। गांव कड़ापुर में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान के समर्थक व हारे प्रत्याशी के बीच हुई मारपीट के दौरान एक महिला की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 14 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके संबंधित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गांव कड़ापुर में नवनिर्वाचित विनीत कुमार ने गांव के ही अपने प्रतिद्वंद्वी विपिन कुमार को हराया था। ग्रामवासियों के अनुसार नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान का समर्थक भीष्म सिंह है। तीन दिन पूर्व हारे प्रत्याशी विपिन कुमार व नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान के समर्थक भीष्म सिंह के बीच हुए विवाद में जमकर लाठी डंडे, धारदार हथियार चले और जमकर पथराव भी हुआ। इसमें भीष्म सिंह की पत्नी सविता देवी (51) के सिर में धारदार हथियार से गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे उपचार के मेरठ ले गए, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित थाने के सामने महिला का शव रखकर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जाम लगा दिया था। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी गणेश कुमार गुप्ता की हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के आश्वासन पर जाम खोल दिया था। पुलिस ने इस मामले में भीष्म सिंह की तहरीर पर नामजद गांव निवासी एक पक्ष के तीन सगे भाइयों विपिन कुमार, अरविंद कुमार, मनोज कुमार, नरेंद्र कुमार, अतरपाल सिंह व अंकित, अन्नू के खिलाफ कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की। जबकि पुलिस ने दूसरे पक्ष के नरेंद्र सिंह की तहरीर पर नामजद गांव निवासी योगेंद्र सिंह, ब्रह्म सिंह, धर्मेंद्र सिंह, विपिन कुमार, सचिन कुमार, शिवांशु समेत एक अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की। गांव में विवाद में शामिल आरोपी अपने घरों से फरार होना बताए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में शामिल करीब दो लोगों को पूछताछ के लिए भी हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार का कहना है कि इस मामले में फरार अन्य हत्यारोपियों को पकड़ने के उनके संबंधित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।