लापरवाह सुपरवाइजरों पर गिरेगी गाज
धामपुर। एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में तेजी लाने को सुपरवाइजरों की मीटिंग ली। एसडीएम ने इस दौरान कई सुपरवाइजरों की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया। एसडीएम ने कहा कि अधिकांश ऐसे सुपरवाइजर हैं, जिनके निर्देशन में बीएलओ से सही से काम नहीं कर रहे हैं। सुपरवाइजरों से ऐसे बीएलओ से व्यक्तिगत रुचि लेकर पुनरीक्षण कार्यक्रम में तेजी लाएं। ऐसा न होने पर बीएलओ के साथ-साथ उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
एसडीएम ने बृहस्पतिवार को तहसील क्षेत्र के चारों विधानसभा धामपुर, नहटौर, बढ़ापुर और नूरपुर के सुपरवाइजरों की मीटिंग ली। एसडीएम ने निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम प्राथमिकता से होना चाहिए। लेकिन अधिकांश सुपरवाइजर और बीएलओ रुचि नहीं ले रहे हैं। जिनके ऊपर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को सूची तैयार की जा रही है। अब तक दो दर्जन से ज्यादा बीएलओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा चुकी है। 10 बीएलओ पर और कार्रवाई करने की विभाग स्तर से तैयारी चल रही है। मतदाता पुनरीक्षण का कार्यक्रम हर हाल में 15 नवंबर तक पूरा करना है।