बिजनौर। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। अधिकारियों व कर्मचारियों ने रन फॉर यूनिटी में हिस्सा लिया।
डीएम रमाकांत पांडेय व एसपी संजीव त्यागी ने रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एकता दौड़ में डीएम, एसपी, अधिकारी व कर्मचारी, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट आदि शामिल हुए। दौड़ नेहरू स्टेडियम से जजी चौराहा, विकास भवन होकर कलेक्ट्रेट में संपन्न हुई। यहां डीएम ने सभी को देश की एकता व अखंडता कायम रखने की शपथ दिलाई। नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में सरदार पटेल के जीवन पर विद्यार्थियों ने अनेक स्लोगन लिखे। साथ ही अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। डीएम ने कहा कि लौह पुरूष सरदार पटेल हमारी एकता व अखंडता के प्रतीक हैं। हमें उनके कार्य, व्यवहार तथा आचरण से सीख लेने की आवश्यकता है। साथ ही कहा कि पटेल जी का देश के एकीकरण में बहुत बड़ा योगदान है। इसलिए हम सभी को सही दिशा में सही ऊर्जा का इस्तेमाल करते हुए देश की एकता व अखंडता को बनाये रखना है। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व अवधेश मिश्रा, एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, एसडीएम बृजेश कुमार सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।