चालक की हत्या कर लूटी कार सरकड़ा से बरामद
धामपुर (बिजनौर)। लोनी पुलिस ने धामपुर थाने के गांव सरकड़ा चकराजमल में एक कबाड़ी के घर से लूट की कार को बरामद किया है। कबाड़ी ने लूट की कार को काट लिया था। पुलिस कटी कार के पार्ट्स बरामद कर आरोपी कबाड़ी नईम को गिरफ्तार कर अपने साथ लोनी ले गई है।
एसपी देहात संजय कुमार ने शनिवार को कोतवाली धामपुर में पत्रकारों को बताया कि लोनी थाने में कुछ बदमाशों ने वैगन आर कार को किराए पर ले जाने को बुक कराया था। एक व दो जनवरी की रात रास्ते में बदमाशों ने कार चालक की हत्या कर फेंक दिया था और कार लेकर फरार हो गए। आरोप है कि बदमाशों ने धामपुर में कार को सरकड़ा निवासी कबाड़ी नईम को बेच दिया था। इस दौरान लोनी पुलिस ने कार की बुकिंग में लिखाए पते और मोबाइल नंबर को सर्विलांस से ट्रेस किया तो आरोपी की लोकेशन मिल गई और पुलिस ने मुख्य आरोपी नहटौर निवासी शानू उर्फ सुपारी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने जब शानू से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि घटना में तीन और बदमाश शामिल हैं। लोनी पुलिस ने शानू की निशानदेही से धामपुर थाने के गांव सरकड़ा चकराजमल में धामपुर पुलिस के संयुक्त सहयोग से आप्रेशन किया और लोनी से लूटी कार को कटी हालत में बरामद कर कबाड़ी नईम को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी नईम को गिरफ्तार लोनी ले गई है। इस सफलता के लिए पुलिस अधीक्षक देहात ने धामपुर पुलिस के प्रयास की सराहना की है।