टायर फटने से पलटी गाड़ी, एक की मौत
कोतवाली देहात (बिजनौर)। बदायूं से देहरादून मजदूरों को लेकर जा रही गाड़ी का टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। घायलों को हायर सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर प्राथमिक दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनपद बदायूं के थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव रसूलपुर कलां निवासी चालक दानदेव अपने गांव के असलम की पिकअप गाड़ी से गांव के ही 12 लोगों को लेकर गांव से देहरादून छोड़ने जा रहा था। रविवार रात करीब 11 बजे जैसे ही वह हरिद्वार-नैनीताल हाईवे 74 पर गांव सिकंदरपुर के पास पहुंचे तो गाड़ी का पिछला टायर फट गया, जिससे अनियंत्रित होकर गाड़ी पलट गई। हादसे में गाड़ी में सवार ओमपाल सिंह, संतोष देवी, माया देवी, अमरपाल सिंह, राजवती, कुसुम आदि मजदूर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली देहात लाया गया, जहां से सभी की हालत चिंताजनक देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान ओमपाल (32) पुत्र महावीर सिंह की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पुलिस ने सभी मजदूरों के परिजनों को दी गई। मृतक ओमपाल के पिता महावीर ने घटना की थाना कोतवाली देहात में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने घटना की प्राथमिकी दर्ज करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।