नजीबाबाद। पूर्वी गंग नहर पटरी मार्ग से हरिद्वार जाती हुई आल्टो कार बृहस्पतिवार की देर रात अनियंत्रित हो गई। मालन नदी पर बने नहर सेतु पुल की रेलिंग तोड़कर मालन में कार गिरने से कार सवार छह लोग घायल हो गए।
नूरपुर के ग्रामीण क्षेत्र से नजीबाबाद पूर्वी गंग नहर पटरी मार्ग से होकर बृहस्पतिवार की देर रात कार हरिद्वार जा रही थी। मालन नदी पर बने नहर सेतु पुल के तीव्र मोड़ पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रेलिंग को तोड़ती हुई मालन नदी में गिर गई। नदी में पानी नहीं था। नजीबाबाद की गंग नहर पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई घटना में कार सवार गांव हुकूमतपुर नूरपुर निवासी देवेंद्र सिंह और बुढ़नपुर निवासी हिमांशु, हरीश, मोहित, अरुण और कपिल घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को नदी से निकाल कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर में उपचार दिलाया। घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।