19 मई से कर सकते हैं पासपोर्ट के लिए आवेदन
बिजनौर। कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन बढ़ाने के कारण विदेश मंत्रालय के निर्देशानुसार पासपोर्ट सेवा 17 मई तक स्थगित कर दी गई है। पासपोर्ट आवेदक 19 मई के बाद ही इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी बरेली मोहम्मद नसीम के अनुसार पासपोर्ट सेवा केंद्र बरेली एवं समस्त डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र अमरोहा, बदायूं, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत एवं शाहजहांपुर के अंतर्गत प्रदान की जाने वाली पासपोर्ट सेवा 17 मई तक स्थगित रहेगी। उन्होंने बताया कि पासपोर्ट सेवा के आवेदन के लिए अप्वाइंटमेंट 19 मई से ही उपलब्ध रहेंगे। पासपोर्ट आवेदक 19 मई से ही आवेदन के लिए शेड्यूल करें। अधिकतम तीन अप्वाइंटमेंट की सीमा को इस वर्ष समाप्त कर दिया गया है, इसलिए पासपोर्ट आवेदक अपना अप्वाइंटमेंट अनेक बार री-शेड्यूल कर सकते हैं। रीशेड्यूल से संबंधित सूचना आवेदकों के ईमेल और एसएमएस के द्वारा भी संबंधित पासपोर्ट आवेदक को सूचना दी जाएगी।