जेई और तकनीकी सहायक से जवाब तलब
बिजनौर। प्रसिद्ध कवि दुष्यंत कुमार के पैतृक गांव में डीएम उमेश मिश्रा को निरीक्षण में मिली खामियों के मामले में तकनीकी सहायक व जूनियर इंजीनियर का जवाब तलब किया गया है। सीडीओ केपी सिंह ने बताया कि गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
डीएम उमेश मिश्रा ने नजीबाबाद ब्लाक के गांव राजपुर नवादा का निरीक्षण किया था। राजपुर नवादा प्रसिद्ध कवि दुष्यंत कुमार का पैतृक गांव है। डीएम ने उनके पैतृक घर को भी देखा था। इसके बाद गांव में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया था। डीएम को पंचायत में बने पंचायत घर तथा सामुदायिक शौचालय के निर्माण में खामियां मिलीं थीं।
डीएम ने मामले में कड़ा रुख अपनाया था। पंचायत में तैनात पूर्व एवं वर्तमान ग्राम पंचायत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करके आगे की जांच एडीपीआरओ को सौंपी गई थी। डीएम ने अभियंत्रण विभाग के जेई तथा तकनीकी सहायक मनरेगा के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अधिशासी अभियंता तथा उपायुक्त मनरेगा को निर्देश दिए थे। सीडीओ कार्यालय के अनुसार अधिशासी अभियंता ने जेई से स्पष्टीकरण मांगा है। उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार ने बताया कि तकनीकी सहायक का जवाब तलब किया गया है।