धामपुर। उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए युवा उद्यम योजना को अप्रैल माह में चालू किया गया है। योजना के तहत उद्योग लगाने के लिए नहटौर ब्लॉक में अब तक 12 महिलाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया। इनमें छह महिलाओं को उद्योग लगाने के लिए पांच-पांच लाख रुपयों का बगैर ब्याज के लोन मंजूर किया जा चुका है।
सहायक विकास अधिकारी औद्योगिक एवं वाणिज्य मिशन प्रभारी दीनदयाल सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से महिलाओं को उद्योग लगाने के लिए बगैर ब्याज के पांच -पांच लाख रुपये के लोन के साथ ही 10 प्रतिशत का अलग से अनुदान दिया जा रहा है। इस योजना का लाभ केवल उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित समूह की महिलाएं ही उठा सकती हैं। नहटौर ब्लॉक में अब तक 12 महिलाओं द्वारा उद्योग स्थापित करने के लिए ऑनलाइन आवेदन किए गए हैं। इनमें छह महिलाओं को बैंकों द्वारा सप्ताहभर के भीतर 5-5 लाख रुपये का लोन स्वीकृत कर उपलब्ध करा दिया गया है।
1600 समूहों में 16 हजार से अधिक महिलाएं दे रहीं योगदान
नहटौर ब्लॉक में करीब 1600 समूहों में 16 हजार से अधिक महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही हैं। सरकार की मंशा है कि महिलाएं विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित होकर अन्य महिलाओं को प्रेरित करें।
इन उद्योगों की होगी स्थापना
योजना के तहत जूता फैक्टरी, साबुन फैक्टरी, आटा चक्की, स्पेलर, नमकीन फैक्टरी आदि उद्योग स्थापित करेंगी। इसके लिए तैयारी भी शुरू कर दी गई है।