धामपुर। नासिर बाबा पीर साहब की मजार के परिसर की दीवार को शुक्रवार की रात प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। शनिवार को दिनभर हाईवोल्टेज ड्रामा चला। नगीना सांसद चंद्रशेखर ने धामपुर पहुंचकर अफसरों को तलब कर लिया और कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। मजार पर पीएसी को तैनात किया गया है। वहीं सांसद प्रतिनिधि विवेक सैन को सीओ ने जमकर फटकारा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शनिवार दोपहर 12 बजे आसपा प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर धामपुर में अपने आवास पहुंचे और तहसील प्रशासन के अधिकारियों को तलब किया। नायाब तहसीलदार उनके आवास पर पहुंचे तो सांसद ने मजार की दीवार को बुलडोजर से ध्वस्त किए जाने पर नाराजगी जहिर की। उन्होंने राजस्व अभिलेखों का अवलोकन करते हुए इस कार्रवाई को गलत बताया।
बता दें कि टीचर्स कॉलोनी के कुछ लोगों ने एसडीएम को मार्च माह में प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें पीर बाबा की मजार के पास से गुजर रहे रास्ते को कब्जामुक्त कराने की मांग की थी। राजस्व विभाग की टीम ने दो बार जांच की। उक्त जगह पर राजस्व अभिलेखों में रास्ता नहीं होने की बात कही जा रही है।
शुक्रवार देर शाम पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने बुलडोजर से मजार के परिसर की दोनों तरफ की दीवारों को गिरा दिया। इस कार्रवाई के विरोध में आजाद समाज पार्टी के मंडल महासचिव एवं सांसद प्रतिनिधि विवेक सेन ने कार्यकर्ताओं के साथ धरना भी दिया था। इस दौरान सीओ अंजनी कुमार से उनकी नोंकझोंक हुई और सीओ ने उन्हें फटकार दिया। इसका वी डियो भी वायरल हो रहा है। सांसद प्रतिनिधि से मनुहार कर रहे धामपुर कोतवाल को भी सीओ ने लताड़ लगाई।
माहौल खराब करने का लगाया आरोप : नगीना सांसद ने तहसीलदार धनराज, कुमार, नायब तहसीलदार कपिल कुमार आजाद, राजस्व विभाग की टीम में शामिल कानूनगो राजकुमार, आशीष त्यागी, अंजलि त्यागी और प्रवीण नागर को तलब किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक पार्टी के लोगों को खुश करने के लिए अवैध तरीके से दीवार का ध्वस्तीकरण किया है। माहौल खराब करने का प्रयास किया है। वह ऐसा नहीं होने देंगे।
सांसद ने मांगा रिकॉर्ड, हलका लेखपाल छुट्टी पर गया : सांसद ने नायब तहसीलदार कपिल कुमार आजाद से ध्वस्तीकरण के संबंध में रिकार्ड पेश करने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने आठ लोगों की टीम गठित की। कहा कि टीम में शामिल सदस्य जो भी रिकार्ड मांगे, उन्हें उपलब्ध कराया जाए। टीचर्स कॉलोनी हल्के का लेखपाल प्रभात चौधरी अपना चार्ज नींदडू की लेखपाल अंजलि त्यागी को देकर अवकाश पर चला गया।