भागूवाला/नजीबाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग अथॉरिटी ने भागूवाला में बस स्टैंड निर्माण के लिए चिह्नित भूमि पर किए स्थायी अतिक्रमण ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। पहले दिन 25 स्थायी अतिक्रमण जमींदोज किए गए।
काशीपुर - हरिद्वार फोरलेन के अंतर्गत भागूवाला से निकलने वाले फोरलेन के खसरा संख्या 469, 751 और 752 में हाईवे अथॉरिटी द्वारा बस स्टैंड भागूवाला का निर्माण कराया जाना है। संबंधित किसानों, कारोबारियों को मुआवजा आदि की प्रक्रिया के बाद हाईवे अथॉरिटी ने दिसंबर 2025 में 34 कारोबारियों को स्थायी अतिक्रमण हटाने को नोटिस जारी किए थे। नोटिस के बाद कई कारोबारियों ने मुआवजा संबंधी प्रक्रिया को लेकर चुनौतियां दीं। विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी बिजनौर द्वारा विभिन्न बिंदुओं को लेकर संबंधित जमीनों के कागजातों की जांच की गई। एनएचएआई ने हाल ही में संबंधित अतिक्रमणों को हटाने के लिए भागूवाला क्षेत्र के कारोबारियों को रिवाइज नोटिस जारी किए थे।
बृहस्पतिवार को एनएचएआई के एसडीओ विनोद उनियाल के नेतृत्व में हाईवे अथॉरिटी की टीम ने खसरा संख्या 751 और 752 के लगभग 25 स्थायी अतिक्रमण बुलडोजर चला कर ध्वस्त कर दिया। इनमें अधिकांश पक्की दुकानें शामिल थीं। नोटिस के बाद कुछ कारोबारियों ने दुकानों को खाली कर दिया था जबकि कुछ कारोबारियों ने टीम पहुंचने के बाद आनन-फानन में प्रतिष्ठान खाली किया। हाईवे अथॉरिटी के एसडीओ विनोद उनियाल ने बताया कि अभियान जारी रहेगा खसरा संख्या 469 के भी अतिक्रमण ध्वस्त किए जाएंगे।