नगीना के ग्राम लकड़ा में बसपा के मुस्लिम भाईचारा सम्मेलन को संबोधित करती पूर्व विधायक रुचि वीरा?
- फोटो : BIJNOR
एकजुटता से बनेगी बसपा की सरकार : रुचि वीरा
नगीना। बिजनौर की पूर्व विधायिका रुचि वीरा ने कहा की प्रदेश की मौजूदा जन विरोधी भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए समाज के सभी लोगों को एकजुटता के साथ बसपा को मजबूत करना होगा। उन्होंने लोगों से बसपा सुप्रीमो मायावती को पांचवीं बार सूबे का मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया।
बुधवार दोपहर नगीना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लकड़ा में बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी इंजीनियर बृजपाल सिंह की तरफ से मुस्लिम भाईचारा सम्मेलन आयोजित कराया गया। जिसमें पूर्व विधायिका रुचि वीरा ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने के बाद जनता से किए गए किसी भी वादे को पूरा नहीं किया। उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से मौजूदा भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए बसपा को एक जुटता के साथ वोट करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार ने पिछले पांच सालों में जनता के हित में कोई कार्य नहीं किया।
नगीना विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी इंजीनियर बृजपाल सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा मुस्लिम समाज का वोट लेने का काम तो किया। लेकिन उसके भलाई के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से समाजवादी पार्टी और भाजपा दोनों से सचेत व सावधान रहने का आह्वान किया। सेठ सगीर अंसारी की अध्यक्षता व आरिफ उस्मानी के संचालन में आयोजित सम्मेलन को जिला अध्यक्ष जितेंद्र सागर, जिला महामंत्री दिलीप उर्फ पिंटू, खुशनुद खां, इसरार नबी, डॉ. मनोज कुमार, विजय पाल सिंह, सुनील कुमार, यामीन उस्मानी, मकसूद अली उस्मानी, इसरार अल्वी ने संबोधित किया।