स्योहारा। धामपुर रोड पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बीएससी की छात्रा की मौत हो गई। हादसे के समय वह अपनी सहेली के साथ पैदल जा रही थी। दो भाइयों की इकलौती बहन की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
ग्राम पीथापुर निवासी भावना (20) पुत्री अनिल कुमार रविवार सुबह करीब 10:20 बजे अपनी सहेली के साथ पैदल कोचिंग जा रही थी। जैसे ही वह फव्वारा चौक से धामपुर रोड पर पहुंची, तभी तेज गति और लापरवाही से आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से भावना गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रवेज कुमार सहित स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, मगर रास्ते में ही भावना की मौत हो गई। बीएससी की पढ़ाई कर रही भावना अपने दो भाइयों की इकलौती बहन थी।
बाइक चालक की पहचान धामपुर के मोहल्ला वाडवान निवासी कार्तिक के रूप में हुई है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ धामपुर डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि सड़क हादसे में छात्रा की मौत हुई है। बाइक को कब्जे में ले लिया है। बाइक चालक की पहचान कर ली गई है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।