अफजलगढ़ के गांव रफैतपुर हुलास में निर्माणाधीन पुल। संवाद
अफजलगढ़। गांव रफैतपुर हुलास में वर्षों से पीली नदी पर पुल निर्माण की बाट जोह रहे ग्रामीणों की मांग जल्द पूरी होने वाली है। लोक निर्माण विभाग की ओर से पुल का निर्माण शुरू करा दिया गया है। पुल निर्माण में करीब सात करोड़ सात लाख की लागत आएगी।
गांव रफैतपुर हुलास के पास से बह रही पीली नदी के दोनों ओर गांव व खेत हैं। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर अपने खेतों पर आवाजाही कर रहे थे। 24 जुलाई 2024 को खेतों पर काम करने के लिए सगे भाई ओमप्रकाश, तेजपाल व जय सिंह गए थे। बताया गया कि जब वह नदी पार कर गए थे तो पानी कम था लेकिन जब यह तीनों वापस आए तो पानी बढ़ गया था। नदी पार करते समय तीनों भाई एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में डूब गए थे। अधिकारियों ने दो माह के भीतर पुल बनवाने का आश्वासन दिया था। अमर उजाला ने 25 जुलाई के अंक में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अब पीली नदी पर पुल का निर्माण शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हरि सिंह शर्मा ने बताया कि पुल सात करोड़ सात लाख रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। इसकी लंबाई 54 मीटर तथा चौड़ाई साढ़े आठ मीटर है। पुल का निर्माण अलीगढ़ की माजिद कंपनी के द्वारा कराया जा रहा है।