जिला महिला अस्पताल में शुरू होगी स्तन कैंसर हेल्प डेस्क
बिजनौर। जिला महिला अस्पताल में स्तन कैंसर से बचाव के लिए हेल्प डेस्क शुरू की जाएगी। चिकित्सक महिलाओं को विस्तारपूर्वक जानकारी देकर इस रोग के प्रति जागरूक करेंगी और उन्हें इससे बचाव के बारे में भी बताएंगी।
स्तन कैंसर एक ऐसी बीमारी है जिसका पता लगाकर उसे जड़ से खत्म किया जा सकता है। यह लाइलाज बीमारी नहीं है। इसका पता लगाना बहुत जरूरी है और इसके लिए शुरुआती जागरूकता भी बेहद ही आवश्यक है। सही जानकारी जागरूकता, थोड़ी सी सावधानी और समय पर लक्षणों की पहचान और इलाज से इस समस्या को हराया जा सकता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए शासन ने जिला महिला अस्पतालों में स्तन कैंसर जागरूकता हेल्प डेस्क शुरू करने का निर्णय लिया है। सीएमएस आभा वर्मा ने बताया कि हर औरत को अपने आप अपने स्तनों की जांच करनी चाहिए और किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति होने पर चिकित्सकीय परीक्षण कराना चाहिए। महिलाओं को हर महीने में एक बार स्तन की जांच अवश्य करानी चाहिए। अगर जांच के दौरान किसी भी प्रकार की असामान्य बात नजर आती है तो इसे गंभीरता से लेकर उपचार अवश्य कराना चाहिए। यह समस्या टालने से बढ़ सकती है। इसी बारे में जागरूक करने के लिए जिला महिला अस्पताल में स्तन कैंसर जागरूकता हेल्प डेस्क शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि जो महिलाएं 40 की उम्र पार कर चुकी हैं, उन्हें तो अपनी जांच जरूर करानी चाहिए। इससे बीमारी का पता चल चलता है। वैसे भी सभी महिलाओं को इस बात पर गौर करना चाहिए कि वे स्तन में किसी भी प्रकार की गांठ बनने पर नजरअंदाज न करें। सीएमएस वर्मा ने बताया कि हेल्प डेस्क पर दो महिला चिकित्सक तैनात रहेंगी। ये अस्पताल आने वाली महिलाओं को स्तन कैंसर के कारण, लक्षण और उपचार विषय पर विस्तार से जानकारी देकर महिलाओं को जागरूक करेंगी, ताकि महिलाएं इस समस्या से बच सकें।